Site icon chattisgarhmint.com

अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

चूना पत्थर एवं रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन जब्

रायगढ़, 22 मई 2026/ कलेक्टर के निर्देश एवं खनिज अधिकारी के नेतृत्व में जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक दबिश देकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों एवं मशीनों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कारीछापर के विजय पटेल की एक रेत वाहन को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वहीं रानीगुड़ा रेत खदान क्षेत्र में अवैध उत्खनन में लगी देवरी पंचायत निवासी रोशन साहू की एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया।
इसी प्रकार खरसिया मार्ग पर रायगढ़ स्थित जगदंबा शोरूम के पास टाइगर अग्रवाल निवासी चंद्रपुर का वाहन चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते पाया गया, जिस पर खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। खनिज विभाग द्वारा बताया गया कि जब्त किए गए सभी वाहन बिना वैध रॉयल्टी पर्ची के रेत एवं चूना पत्थर का परिवहन कर रहे थे। इन सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगामी वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा खनिज माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version