शिकायत मिलते ही संयुक्त टीम ने की त्वरित कार्रवाई
जब्त वाहन पुलिस थाना छाल की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखे गए
रायगढ़, 1 अगस्त 2026/ कलेक्टर के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्राम बारभौना में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की शिकायत पर खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी से 10 ट्रैक्टर एवं एक ट्रैक्टर-लोडर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
ग्राम बारभौना में नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की शिकायत प्राप्त होने पर खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए कुल 10 ट्रैक्टर तथा एक ट्रैक्टर-लोडर पाया गया। टीम को देखते ही वाहन चालक अपने-अपने वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकले, जिसके बाद सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सभी 10 ट्रैक्टर एवं एक ट्रैक्टर-लोडर को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना छाल की सुपुर्दगी में सुरक्षार्थ रखा गया है। प्रकरण में संबंधित वाहन मालिकों एवं अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्त नजर, कार्रवाई रहेगी लगातार जारी
कलेक्टर के निर्देशन में जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

