• Wed. Nov 4th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    बिरहोर परिवार के सभी सदस्यों को मिले विभागीय योजनाओं का लाभ-कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल

    Bychattisgarhmint.com

    Jan 4, 2024
    Spread the love

    कलेक्टर श्री गोयल ने तमनार के ग्राम कचकोबा में आयोजित जनमन शिविर का किया निरीक्षण
    बिरहोर परिवार के सदस्यों से की चर्चा की, पीएम उज्जवला योजना के लाभार्थियों को किया रसोई गैस का वितरण

    रायगढ़, 4 जनवरी 2024/ कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल आज विकासखण्ड तमनार के ग्राम कचकोबा के सीतापारा में आयोजित जनमन शिविर के निरीक्षण में पहुंचे। यहां उन्होंने शिविर में उपस्थित बिरहोर परिवारों के सदस्यों से चर्चा कर उन्हें मिल रही विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। मौके पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्दर यादव भी उपस्थित रहे।
             कलेक्टर श्री गोयल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनमन शिविर के माध्यम से बिरहोर परिवार के प्रत्येक सदस्यों का आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत, रसोई गैस जैसी सभी योजनाओं का लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर में पहुंचने वाले बिरहोर परिवार के सदस्यों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान कलेक्टर श्री गोयल ने बिरहोर परिवार के सदस्यों से चर्चा भी की। कलेक्टर श्री गोयल द्वारा आयुष्मान कार्ड के उपयोग के संबंध में पूछने पर दिलमती ने बताया कि शिविर में उनका आयुष्मान कार्ड बना हैं, जिससे वे मुफ्त में इलाज करवा सकती हैं। कलेक्टर श्री गोयल ने केसीसी के संबंध में भाजोराम से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि केसीसी के माध्यम पैसा मिल जाता हैं, इस दौरान कलेक्टर श्री गोयल ने ग्रामीणों के नगद लेन-देन के लिए बिरहोर बस्ती में सीएससी सेंटर द्वारा प्रति सप्ताह सुविधा देने के निर्देश दिए ताकि वहां के परिवारों को सुविधा मिल सके। उन्होंने प्रत्येक घरों में विद्युत कनेक्शन की जानकारी ली। विभागीय अधिकारी ने बताया कि कुछ परिवारों के घर मीटर लगाने का कार्य शेष है जो अतिशीघ्र पूर्ण हो जाएगा। जाति प्रमाण पत्र के संबंध में जानकारी लेने पर कई लोगों के निरक्षर होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्री गोयल ने पौढ़ शिक्षा की व्यवस्था करवाने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए। इसी प्रकार स्किल डेव्लपमेंट हेतु युवाओं और महिलाओं को चिन्हांकित कर कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।
              कलेक्टर श्री गोयल ने प्रधानमंत्री आवास एवं जल जीवन मिशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर में पेयजल का कार्य अति शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने प्रत्येक सदस्य के जनधन बैंक खाता खुलवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राशन कार्ड, केसीसी और आधार कार्ड बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करें। इस अवसर पर एसडीएम श्री रमेश मोर, सीईओ जनपद तमनार श्री बिरेन्द्र राय एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  
    बच्चों से की बात, ली सेल्फी
    कलेक्टर श्री गोयल ने जनमन शिविर में पहुंचकर स्कूली बच्चों से बात की। इस दौरान भरत, सूरज एवं कक्षा 6 वीं की पूजा बिरहोर ने कलेक्टर श्री गोयल को बताया कि उनके स्कूल में बहुत अच्छी पढ़ाई होती है और स्कूल में अच्छे दोस्त बन चुके है। इस दौरान कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने शिविर में लगे सेल्फी पाईंट में बच्चों संग सेल्फी भी ली।

    310 thoughts on “बिरहोर परिवार के सभी सदस्यों को मिले विभागीय योजनाओं का लाभ-कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल”

    Comments are closed.