22 रिक्त सीटों पर होगा प्रवेश
रायगढ़, 21 जुलाई 2026/ जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छोटेमुड़पार (खरसिया), संचालित स्थान आदिवासी बालक आश्रम चोढ़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं एवं 11वीं (विज्ञान) की रिक्त सीटों पर लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 22 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें कक्षा 7वीं में 1 सीट, 8वीं में 2 सीट, 9वीं में 1 सीट तथा 11वीं (विज्ञान) में 18 सीटें उपलब्ध हैं। रिक्त सीटों की संख्या आवश्यकतानुसार परिवर्तित हो सकती है। इच्छुक अभिभावक एवं विद्यार्थी 27 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक कार्यालय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छोटेमुड़पार, खरसिया, जिला रायगढ़ में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना अनिवार्य होगा। कक्षा 7वीं, 8वीं एवं 9वीं में यदि रिक्त सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो 29 जुलाई 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा 11वीं (विज्ञान) में प्रवेश कक्षा 10वीं की अंकसूची के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एडमिशन इंचार्ज श्री जवाहर लाल सिन्हा (पीजीटी हिन्दी) से मोबाइल नंबर 8839201173 पर संपर्क कर सकते हैं।

