• Fri. Nov 6th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    वीबी-जीराम जी के तहत बालिका शौचालय, मुक्तिधाम एवं सैंड फिल्टर कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया शुरू, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

    Bychattisgarhmint.com

    Jul 22, 2026
    Spread the love

    ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक गरिमा को मिलेगा नया आधार

    जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा, भविष्य की पेयजल जरूरतों को भी मिलेगा सहारा

    रायगढ़, 22 जुलाई 2026/ विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जीराम जी के अंतर्गत रायगढ़ जिले में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मिशन के प्रथम चरण में बालिका शौचालय, मुक्तिधाम एवं सैंड फिल्टर जैसे आधारभूत एवं जनकल्याणकारी कार्यों को शामिल किया गया है। आगामी सीईओ कॉन्फ्रेंस को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इन प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है, ताकि स्वीकृति मिलते ही कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
    जिला प्रशासन का उद्देश्य इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण, सामाजिक गरिमा और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। जिला प्रशासन ने सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, वहीं संबंधित अधिकारियों को भी स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
    वीबी-जीराम जी मिशन के अंतर्गत जिन कार्यों की शुरुआत की जा रही है, उनका सीधा संबंध ग्रामीण समुदाय के दैनिक जीवन और आवश्यक सुविधाओं से है। बालिका शौचालयों के निर्माण से विद्यालयों में छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे किशोरियों की नियमित विद्यालय उपस्थिति बढ़ेगी, ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी तथा बालिका शिक्षा को नया प्रोत्साहन मिलेगा। इसी प्रकार मुक्तिधामों के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीण परिवारों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा और सामाजिक गरिमा को भी मजबूती मिलेगी। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
    मिशन के अंतर्गत सैंड फिल्टर निर्माण को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। सैंड फिल्टर वर्षा जल को जमीन के भीतर पुनर्भरण (रीचार्ज) करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा और प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण संभव हो सकेगा। इसके साथ ही भविष्य में पेयजल उपलब्धता को मजबूत करने और जल संकट की संभावित चुनौतियों से निपटने में भी यह कार्य उपयोगी साबित होंगे। वीबी-जीराम जी के माध्यम से प्रारंभ किए जा रहे ये जनहितकारी कार्य केवल आधारभूत संरचनाओं का निर्माण नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण विकास की नई दिशा तय करने वाली पहल हैं। स्वच्छता, जल सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक सुविधाओं को सशक्त बनाकर यह मिशन ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ विकसित भारत के लक्ष्य को भी मजबूत आधार प्रदान करेगा।