• Sun. Nov 1st, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से की अपील,

    Bychattisgarhmint.com

    Sep 23, 2023
    Spread the love

    डेंगू से बचने घरों में जमा अनुपयोगी पानी तुरंत करें खाली, प्रशासन का करें सहयोग

    डोर टू डोर सर्वे में घरों में कूलर, फ्रिज कंटेनर व अन्य जगहों पर लंबे समय से पानी जमा होने के बहुत से मामले आ रहे सामने

    लगातार समझाईश के बाद भी लापरवाही करने वालों पर कलेक्टर श्री सिन्हा ने कार्यवाही के दिए हुए हैं निर्देश

    रायगढ़, 23 सितम्बर 2023/ डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम लगातार फील्ड पर सर्वे और साफ -सफाई के कार्य में लगी हुई है। टीम घर घर जाकर डेंगू लार्वा की जांच कर रही है। डेंगू से बचाव के लिए रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में लगातार समझाइश दे रही है। डेंगू की जांच और उपचार के लिए भी व्यवस्थाएं बढ़ाई गई हैं। इन सभी के साथ डेंगू के रोकथाम के लिए जन सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मधुलिका सिंह ठाकुर ने बताया कि अभी तक शहर में संपर्क किए घरों में काफी मामले ऐसे आए हैं जहां लंबे समय से कूलर, गमले, आदि जगहों पर पानी जमा है, जो डेंगू लार्वा के पनपने के लिए सबसे अनुकूल जगह होती है। डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए सबसे महत्वपूर्ण है लार्वा को नष्ट करना और ऐसा कोई वातावरण नही देना जिससे वह फिर से पनप सके। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा है कि अपने-अपने घरों में जांच कर लें। यदि घर के भीतर या आस-पास कूलर, फ्रिज के कंटेनर, गमले, टायर या अन्य स्थानों पर लंबे समय से पानी जमा है तो उसे तत्काल खाली करें। क्योंकि ऐसे पानी में डेंगू लार्वा पनपने की संभावना अत्यधिक होती है।
    गौरतलब है कि कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में शहर में डेंगू के रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें लगी हुई हैं। लोगों को भी लगातार घरों में साफ -सफाई बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने टीमों को सख्त निर्देश दे रखें हैं लगातार समझाईश के बाद भी साफ -सफाई और घरों में पानी जमा होने देने के मामले में लापरवाही करने वालों पर चालानी कार्यवाही की जाए।