ग्रामीणों को कलेक्टर ने महतारी वंदन के ईकेवायसी और जनगणना के कार्य में सहभागिता देने किया अपील
कलेक्टर ने ग्राम चिचोली में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, बिजली, पेयजल, राशन, विद्युत की व्यवस्था का जायजा लेकर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए
कलेक्टर ने पीएचई विभाग को एक सप्ताह में पानी लीकेज सुधारने के निर्देश दिए
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 अप्रैल 2026/भटगांव तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिचोली में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की उपस्थिति में बुधवार को रात्रिकालीन जनचौपाल आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखीं।
चौपाल में जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों ने पानी लीकेज की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को एक सप्ताह के भीतर सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी भवन की जानकारी ली गई, जहां भवन की स्थिति संतोषजनक बताई गई। साथ ही महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने 30 जून तक ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने और इसे चॉइस सेंटर में निःशुल्क किए जाने की बात कही। कलेक्टर ने ग्रामीणों को चल रही जनगणना के प्रथम चरण (मकान गणना) के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता और राशन वितरण को लेकर भी ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि राशन समय पर मिल रहा है और इस बार तीन माह का राशन एक साथ मिला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान ने बताया कि 26 आवास स्वीकृत हुए हैं, श्रम पंजीयन के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि पहले और दूसरे बच्चे के जन्म पर 10-10 हजार रुपए की सहायता, बच्चों को छात्रवृत्ति तथा दुर्घटना बीमा की सुविधा मिलती है।
कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 78 लाभार्थियों में से 60 को राशि मिलने की जानकारी दी गई, जिस पर ग्रामीणों ने अनियमित भुगतान की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही बिलाईगढ़ एसडीएम को पटवारियों को सप्ताह में एक दिन मुख्यालय में बैठने के निर्देश देने को कहा।
सीमांकन से जुड़े मामलों में कोई लंबित प्रकरण नहीं पाया गया। वहीं पेंशन योजना में 185 हितग्राही चिन्हित हैं, लेकिन केंद्र से राशि नहीं आने के कारण भुगतान लंबित बताया गया। पंचायत विभाग के अनुसार 26 आवासों में से 23 पूर्ण और 3 निर्माणाधीन हैं। शिक्षा विभाग की समीक्षा में संकुल क्षेत्र में 10 स्कूल संचालित होने की जानकारी दी गई। वहीं बिजली विभाग को ग्रामीणों द्वारा वोल्टेज समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर सुधार के निर्देश दिए गए। चौपाल के अंत में कलेक्टर ने ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

