Site icon chattisgarhmint.com

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश

दुर्घटना सहायता राशि, बकाया मजदूरी, अतिक्रमण और किसान सम्मान निधि के मामलों पर तत्काल संज्ञान

सीसी रोड निर्माण में अनियमितता की शिकायत की जांच के निर्देश

रायगढ़, 15 जून 2026/ जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में मुआवजा, मजदूरी भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण और वन अधिकार पट्टा सहित जनहित से जुड़े अनेक प्रकरण सामने आए।
जनदर्शन के दौरान ग्राम बड़गांव की लताबाई ने सड़क दुर्घटना में पति की मृत्यु के छह माह बाद भी आर्थिक सहायता राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को शीघ्र कार्रवाई कर पात्र सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम कंवरिहा के हलधर पटेल ने नहर निर्माण के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक भूमि उपयोग किए जाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर आवश्यक जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम साल्हेओना के नंदलाल साव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत रेगड़ा के वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद ने सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत राशि के कथित दुरुपयोग की शिकायत करते हुए सड़क निर्माण कराने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम काशीचुवां की ताराबाई साहू ने ईंट-भट्ठे में कार्य करने के बावजूद मजदूरी भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त, फसल मुआवजा, विद्युत लाइन विस्तार, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमि सीमांकन तथा वन अधिकार पट्टा से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सभी प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का भी उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version