Site icon chattisgarhmint.com

बिरहोर बस्ती पहुंचे कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल, दी महतारी वंदन की जानकारी, दो हितग्राहियों के स्वयं भरे फॉर्म

Spread the love


घरघोड़ा यूथ सेंटर का निरीक्षण कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों का बढ़ाया हौसला

रायगढ़, 14 फरवरी 2024/ विशेष पिछड़ी जनजाति को शासन की योजनाओं को लेकर जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। पिछले दिनों पीएम जनमन योजना के तहत पूरे जिले में प्रशासनिक अमला जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय तक पहुंचा और उन्हें शत-प्रतिशत योजनाओं से लाभान्वित करने की मुहिम चलाई। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल आज पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल व सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव के साथ जिले के घरघोड़ा विकासखंड के बिरहोर बस्ती कोटरीमाल पहुंचकर न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की बल्कि महतारी वंदन योजना की जानकारी भी बिरहोर महिलाओं को दी। इस दौरान उन्होंने दो बिरहोर महिलाओं श्रीमती यशोदा व श्रीमती एतवारिन के फॉर्म भी खुद भरे। कलेक्टर श्री गोयल ने महिलाओं को बताया कि योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि आपके खाते में आएगी। इस दौरान उन्होंने बिरहोर हितग्राहियों को उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाए जाने के संबंध में जानकारी ली और कहा बिरहोर जनजाति के शत-प्रतिशत लोगों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम घरघोड़ा श्री रमेश मोर, सीईओ जनपद पंचायत श्री एस.एन.तिवारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री गोयल ने इस दौरान गांव में संचालित स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों से बात की तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा। कलेक्टर श्री गोयल ने स्कूल में सिलेबस पूरा करने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढऩे की बात कही। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए। 
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों का बढ़ाया मनोबल 
कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने निरीक्षण के दौरान घरघोड़ा के यूथ सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों से मुलाकात की तथा उन्हें परीक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं हमारी अन्य स्कूली परीक्षाओं से अलग होती है। इसमें रिजल्ट प्रतिशत के आधार पर नहीं बल्कि परीक्षा में चयन के रूप में आता है। अत: जितने लगन और मेहनत से आप तैयारी करेंगे, आपके चयन की संभावनाएं उतनी मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि आप अच्छे से तैयारी कर के सलेक्शन दीजिए, हम आने वाले समय में और सुविधाएं बढ़ायेंगे। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव को बच्चों की ऑनलाईन क्लास करवाने के भी निर्देश दिए।

Exit mobile version