• Thu. Oct 29th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    चक्रधर समारोह की तैयारी को लेकर रामलीला मैदान पहुंचे कलेक्टर-एसपी

    Bychattisgarhmint.com

    Aug 30, 2024
    Spread the love

    मैदान को दुरूस्त करते हुए शीघ्र मंच व डोम तैयार करने के दिए निर्देश 
    पीडब्लूडी, नगर निगम और टेन्ट हाऊस के 100 लोगों की टीम आयोजन स्थल तैयार करने में जुटी 
    रायगढ़, 30 अगस्त 2024/ रायगढ़ का ऐतिहासिक चक्रधर समारोह-2024 का आयोजन आगामी 7 सितम्बर से रामलीला मैदान में होने जा रहा है। जहां दस दिनों तक सुर-ताल की महफिल सजेगी। जिसमें देश के नामी कलाकारों को मंच पर देखने का मौका मिलेगा। चक्रधर समारोह के तैयारी को लेकर आज सुबह कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ रामलीला मैदान का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव भी उपस्थित रहे। 
                कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल व पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने पीडब्लूडी और नगर निगम  के अधिकारियों से आयोजन स्थल के ड्राईंग डिजाईन के आधार पर हर एक बिन्दु पर विस्तार से चर्चा करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गोयल ने मैदान को दुरूस्त करते हुए वहां शीघ्र ही स्टेज तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मंच की तैयारियों के साथ पंडाल और उसमें बैठक व्यवस्था को लेकर चर्चा कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने बारिश के मद्देनजर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल में ग्रीन रूम की तैयारी के लिए आवश्यक व्यवस्था करने अधिकारियों को निर्देशित किया। कार्यक्रम स्थल के आस पास पार्किंग तैयार करने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग इत्यादि के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। यहां मुख्य अतिथियों के आने-जाने मार्ग के साथ कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए। मौके पर अपर कलेक्टर श्री राजीव कुमार पाण्डेय, एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम, एडिशनल एसपी श्री रामगोपाल करियारे, नगर निगम आयुक्त श्री सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा, ईई पीडब्ल्यूडी श्री अमित कश्यप, खनिज अधिकारी श्री राजेश माल्वे, तहसीलदार श्री शिव कुमार डनसेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
    100 से अधिक लोग चक्रधर समारोह के लिए रामलीला मैदान तैयार करने में जुटे 
    चक्रधर समारोह का शुभारंभ आगामी 7 सितम्बर से होने जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोरो से शुरू कर दी गई है। ईई पीडब्लूडी श्री अमित कश्यप ने बताया कि पीडब्लूडी नगर निगम और टेन्ट हाऊस के करीब 100 लोगों की टीम आयोजन स्थल की तैयारियों में जुट गई है। जिससे कार्यक्रम स्थल को जल्द तैयार किया जा सके। यहां अधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश के आधार पर मंच सहित अन्य तैयारियां की जा रही है। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल के निर्देशानुसार अगले दो दिनों में डोम खड़ा करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। डोम, पंडाल और मंच का काम होने के पश्चात लाईट व साउंड की तैयारी भी शुरू कर दी जाएगी।