• Wed. Jul 22nd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू

Bychattisgarhmint.com

Jul 22, 2026

चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश

रायगढ़, 22 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनान्तर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद अब काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग द्वारा काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीय वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। रायगढ़ जिले के चयनित विद्यार्थियों को 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित तिथि एवं आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालय में उपस्थित होकर काउंसलिंग करानी होगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा काउंसलिंग के लिए पात्र विद्यार्थियों की सूची एवं कार्यक्रम विभागीय वेबसाइट http://eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित किया गया है। रायगढ़ जिले के अभ्यर्थियों को सूची में अंकित निर्धारित तिथि के अनुसार प्रयास आवासीय विद्यालय, गढ़उमरिया (जिला रायगढ़) में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक अंक) की अंकसूची, प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित होने पर नोटरी सत्यापित शपथ पत्र सहित निर्धारित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके अलावा विशेष श्रेणी के अभ्यर्थियों को दिव्यांगता, अनाथ, विधवा माता, परित्यक्ता महिला, दिव्यांग माता-पिता अथवा शहीद सैनिक, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बल के आश्रित होने संबंधी प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

प्रवेश के बाद तीन दिनों के भीतर जमा करने होंगे अतिरिक्त प्रमाण पत्र

काउंसलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र पाए गए विद्यार्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रति-हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से संबंधित विद्यालय में जमा करना होगा। सभी चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *