Site icon chattisgarhmint.com

माध्यमिक विद्यालय पंचपारा में पाठ्यपुस्तक और ड्रेस का किया गया वितरण

रायगढ़, 24 जून 2026/ जनपद पंचायत पुसौर अंतर्गत ग्राम पंचायत पंचपारा स्थित माध्यमिक विद्यालय में नए शिक्षा सत्र के अवसर पर पाठ्यपुस्तक एवं स्कूल ड्रेस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री साहू के निर्देश एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी. पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नव प्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक और स्कूल ड्रेस वितरित की गई। कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य श्रीमती खरे, संकुल समन्वयक श्रवण साव, संस्था प्रमुख श्री डी. नायक, कृषि सभापति मुक्तेश्वर पंडा, सरपंच श्रीमती योग्यता श्याम लाल पटेल, एसएमसी अध्यक्ष पूनी लाल पटेल सहित ग्रामीणजन एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुक्तेश्वर पंडा ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से समय पर विद्यालय आने, शिक्षकों द्वारा दिए गए कार्य को पूरा करने और कठिन विषयों का लगातार अभ्यास करने की अपील की। साथ ही मोबाइल और अनावश्यक गतिविधियों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती योग्यता श्याम लाल पटेल और एसएमसी अध्यक्ष पूनी लाल पटेल ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Exit mobile version