Site icon chattisgarhmint.com

घरघोड़ा ब्लॉक में वित्तीय साक्षरता सप्ताह कैंप आयोजित


केवाईसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम थीम पर लोगों को दी गई विस्तार से जानकारी
रायगढ़, 10 फरवरी 2026/ भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 2016 से आयोजित वित्तीय साक्षरता सप्ताह (एफएलडब्ल्यू) का इस वर्ष 11वां संस्करण 9 से 13 फरवरी 2026 तक पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस वर्ष का मुख्य उद्देश्य केवाईसी- सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” है, जो सुरक्षित बैंकिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत सब-थीमों में केवाईसी मूल बातें, केवाईसी रजिस्ट्री, खाता सुरक्षा, धोखाधड़ी रोकथाम और मनी म्यूल्स से सावधानी जैसे विषय शामिल हैं।
घरघोड़ा ब्लॉक में चौथा वित्तीय साक्षरता कैंप आयोजित किया गया, जिसमें अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय के श्री कमल किशोर सिंह, श्री राज कुमार शर्मा, भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर श्री जिष्णु नायक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के श्री राकेश यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के प्रबंधक श्री विनीत कुमार और बैंक स्टाफ के साथ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कैंप में 210 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और उन्हें केवाईसी, सी-केवाईसी, खाता सुरक्षा और धोखाधड़ी रोकथाम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय ने जिले के सभी बैंक मैनेजरों से अनुरोध किया है कि वित्तीय साक्षरता सप्ताह के दौरान कम से कम दो कैंप अपने क्षेत्रों में आयोजित करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जा सके।

Exit mobile version