• Fri. Oct 30th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    बीते दो दिनों से हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री सिन्हा ने सभी विभागों को रखा अलर्ट पर

    Bychattisgarhmint.com

    Sep 22, 2023
    Spread the love

    बाढ़ राहत के लिए 24/7 कंट्रोल रूम स्थापित, 07762-223750 नंबर जारी

    स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाईयों के साथ उपचार के समुचित इंतजाम के दिए निर्देश

    जिला सेनानी को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के दिए निर्देश

    रायगढ़, 22 सितंबर 2023/ जिले में बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के मद्देनजर बाढ़ की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने बाढ़ आपदा बचाव एवं राहत प्रबंधन के लिए सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सिन्हा ने निर्देशित किया है कि जिले में बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें। आपदा राहत से जुड़े सभी विभाग अपनी पूरी तैयारी रखें। जिससे किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कलेक्टर श्री सिन्हा ने सभी राजस्व अधिकारियों को डूबान क्षेत्रों की जलस्तर की निगरानी के साथ राजस्व अमला को फील्ड पर निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिला सेनानी को होम गार्ड तथा एसडीआरएफ की टीम को पूरे संसाधनों के साथ तैयार रहने के लिए निर्देशित किया है ताकि आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके।
    सभी स्वास्थ्य केंद्रों को करें अलर्ट, मेडिकल टीम और दवाइयों का स्टॉक तैयार रखें
    कलेक्टर श्री सिन्हा ने बारिश के दौरान मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग को उल्टी, दस्त जैसे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयों सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
    बाढ़ राहत के लिए 24/7 कंट्रोल रूम स्थापित, 07762-223750 नंबर जारी
    इसके साथ ही कलेक्टर श्री सिन्हा के निर्देश पर जिले में बाढ़/अतिवृष्टि से किसी भी प्रकार की क्षति होने की सूचना एवं सहायता के लिये जिला कार्यालय रायगढ़ में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसमें दूरभाष नंबर 07762-223750 पर कॉल कर बाढ़ राहत के लिए संपर्क किया जा सकता है।

    13 thoughts on “बीते दो दिनों से हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री सिन्हा ने सभी विभागों को रखा अलर्ट पर”

    Comments are closed.