• Fri. Nov 6th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    जोबी कॉलेज के महिला कबड्डी टीम की शानदार जीत

    Bychattisgarhmint.com

    Oct 15, 2024
    Spread the love

    रायगढ़, 15 अक्टूबर 2024/ ग्राम कुसमुरा में मंगलवार को आयोजित हुई सेक्टर स्तरीय महाविद्यालयीन कबड्डी प्रतियोगिता में सुदूर ग्रामीण अंचल के ग्राम जोबी के शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय की महिला कबड्डी टीम ने अपने बेहतरीन खेल से सरिया महाविद्यालय की टीम को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। इस मैच ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और खिलाडिय़ों की मेहनत ने सबका दिल जीत लिया।
              सहायक प्राध्यापक एवं क्रीड़ा अधिकारी (कोच) श्री वासुदेव प्रसाद पटेल से ट्रेंड जोबी कॉलेज की टीम ने अपने दांव-पेंच और तेजी से सभी को प्रभावित करने का निश्चय किया था। जैसे ही मैच की शुरुआत हुई खिलाडिय़ों का उत्साह देखने लायक था। दोनों टीमों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा चल रही थी। जोबी कॉलेज की कप्तान कु.सोनम राठिया ने पहले ही राउंड में शानदार कबड्डी का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी रणनीति को बखूबी लागू करते हुए विरोधी टीम के खिलाडिय़ों को एक के बाद एक बाहर करने की कोशिश की। हाफ  टाइम तक कांटे की टक्कर चलती रही किन्तु उसके बाद खिलाड़ी जैसे ही मैट पर उतरे जोबी कॉलेज की एक महिला खिलाड़ी कु.धनेश्वरी महंत ने अद्भुत ढंग से एक रक्षात्मक खेल दिखाया। उसने विरोधी टीम की कप्तान को चकमा देकर उन्हें पकड़ लिया, जिससे पूरे मैदान में उत्साह का संचार हो गया। इसके बाद मैच सरिया की खिलाडिय़ों के हाथ से निकल गया और अंतिम कुछ क्षणों में मिले अंकों के आधार पर तय हुई जीत से पूरा मैदान गूंज उठा। उल्लेखनीय है कि मैच के दौरान प्राचार्य श्री रविंद्र कुमार थवाईत भी मौके पर पहुंचे और खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया और उन्हे उत्साहित किया। इस तरह जोबी कॉलेज की महिला कबड्डी टीम ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता के अगले चरण में अपना स्थान पक्का कर लिया।