Site icon chattisgarhmint.com

रायगढ़ में लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन, 278 नवीन वाहन चालक हुए लाभान्वित

Spread the love

रायगढ़, 13 जनवरी । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 13 जनवरी 2026 को रायगढ़ में लर्निंग लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन तथा जिला परिवहन अधिकारी श्री अमित कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी एवं ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
स्थानीय रामलीला मैदान, रायगढ़ में आयोजित इस शिविर में यातायात पुलिस रायगढ़ एवं परिवहन विभाग रायगढ़ के संयुक्त सहयोग से नवीन वाहन चालकों को लर्निंग लाइसेंस बनाने की सुविधा प्रदान की गई। शिविर के माध्यम से कुल 278 नए वाहन चालकों को लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया में लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान आवेदकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा के महत्व, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ भी दी गईं। इस अवसर पर यातायात पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं यातायात वालंटियर्स द्वारा सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शिविर को सफल बनाया गया।
यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वाहन चलाने से पूर्व वैध लाइसेंस अवश्य प्राप्त करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से जिले में सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है।

Exit mobile version