Site icon chattisgarhmint.com

सिविल सेवा में चयनित मधु साहू को मिली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

दिव्यांग प्रतिभा को मिला संबल

रायगढ़, 3 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा क्षितिज अपार संभावनाएं सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले की मेधावी दिव्यांग कु. मधु साहू को सिविल सेवा में चयनित होने पर 50 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि दिव्यांग व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण एवं पूर्ण भागीदारी) अधिनियम 1995 के तहत दी गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में योजना का बेहतर संचालन समाज कल्याण विभाग, रायगढ़ द्वारा प्रभावी रूप से किया जा रहा है, जिसके माध्यम से दिव्यांग युवाओं को सिविल सेवाओं के लिए प्रोत्साहन एवं आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
उप संचालक समाज कल्याण ने जानकारी देते हुए बताया कि कु. मधु साहू, पिता श्री तुलाराम साहू, निवासी ग्राम एवं पोस्ट तमनार, विकासखण्ड तमनार, जिला रायगढ़, 40 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। उनका चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में छ.ग. अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी (वित्त विभाग) के पद पर हुआ है। चयन सूची की मुख्य सूची में सरल क्रमांक 22 पर उनका नाम दर्ज है। समाज कल्याण विभाग में 23 दिसंबर 2024 को प्राप्त आवेदन के परीक्षण उपरांत हितग्राही को पात्र पाया गया। इसके पश्चात कार्यालयीन आदेश के अनुसार दिनांक 29 जनवरी 2025 को प्रोत्साहन राशि 50 हजार रुपये उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के तहत लाभार्थी को समयबद्ध सहायता प्रदान की गई।
प्रोत्साहन राशि प्राप्त होने पर कु. मधु साहू ने बताया कि इस आर्थिक सहयोग से उनकी आगे की तैयारी को नई दिशा, ऊर्जा एवं आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने पर दिव्यांगों को एकमुश्त प्रोत्साहन राशि का प्रावधान
योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी दिव्यांग व्यक्तियों को संघ एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने पर एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसके तहत प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 20 हजार रुपये, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 30 हजार रुपये तथा संघ/छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अंतिम चयन होने पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

Exit mobile version