Site icon chattisgarhmint.com

रायगढ़ की पूजा जैन ने कथक नृत्य से बांधा समां

Spread the love

रायगढ़, 27 अगस्त 2025/ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर रायगढ़ की सुविख्यात कथक नृत्यांगना पूजा जैन और उनकी टीम ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत पंचदेव वंदना से हुई। इसके पश्चात उन्होंने जयपुर घराने के तोड़े-टुकड़े, लखनऊ घराने का तराना और ठुमरी प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताल और लय की सुंदर संगति के साथ मंच पर सजीव हुई उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शक दीर्घा में तालियों की गडग़ड़ाहट गूंजा दी। पूजा जैन के साथ मंच पर उनकी टीम की प्रतिभाशाली सदस्याएँ कु. सौम्या साहू, कु.पाव्या श्रीवास्तव, कु.आसिता वर्मा और कु.वंशिका पात्रा भी शामिल रहीं, जिन्होंने अपने सधे हुए भाव और नृत्य कौशल से प्रस्तुति को और भी प्रभावशाली बना दिया।
पूजा जैन ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी कला का परचम लहराया है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय नृत्य प्रतिभा पुरस्कार 2020, नृत्याविष्कार पुरस्कार 2020, राष्ट्रीय एकल नृत्य प्रतियोगिता 2020 में प्रथम स्थान तथा अखिल भारतीय नृत्य नाटक एवं संगीत समारोह 2020 में प्रथम स्थान जैसे प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा भी उन्होंने अनेक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया

Exit mobile version