• Wed. Mar 4th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

होली पर्व को लेकर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल अलर्ट, इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी 24 घंटे उपलब्ध

Bychattisgarhmint.com

Mar 3, 2026


रायगढ़, 3 मार्च 2026/ होली पर्व के मद्देनजर स्व. श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार मिंज ने सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ तथा संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
होली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल की आपात चिकित्सा सेवाओं को विशेष रूप से सशक्त किया गया है। 04 मार्च को शासकीय अवकाश होने के कारण ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) बंद रहेगा, किंतु इमरजेंसी सेवाएं पूर्ववत 24 घंटे संचालित होती रहेंगी।
अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि आपातकालीन विभाग में जीवन रक्षक दवाओं, आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। सभी क्लीनिकल विभागाध्यक्षों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निरंतर सेवाएं प्रदान करेंगे, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहेगी। सुरक्षा कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया है। आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *