Site icon chattisgarhmint.com

एसबीआई ने ग्राहको को 40 लाख रुपए मूल्य के सिक्के और नए नोट का किया वितरणएसबीआई का भव्य सिक्का व नई मुद्रा वितरण मेला आयोजित


रायगढ़, 9 अप्रैल 2026/ शहर के केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मुख्य शाखा में आज सिक्का एवं नई मुद्रा वितरण मेले का आयोजन किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य बाजार में छोटे मूल्यवर्ग की मुद्रा की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आमजन को सुगम लेन-देन की सुविधा प्रदान करना रहा।
          इस मेले के दौरान बैंक द्वारा करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सिक्के एवं नए नोट ग्राहकों के बीच वितरित किए गए। कार्यक्रम में लगभग 275 लोगों ने भाग लेकर अपनी पुरानी मुद्रा को नए नोटों और सिक्कों से बदला। विशेष रूप से 1 रुपये के सिक्कों के साथ-साथ 10, 20 और 50 रुपये के नोटों का वितरण किया गया, जिससे बाजार में लंबे समय से बनी छुट्टे पैसों की समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। हाल के दिनों में दुकानदारों द्वारा छुट्टे पैसे के अभाव में ग्राहकों को टॉफी या अन्य वस्तुएं देने की प्रवृत्ति बढ़ गई थी। ऐसे में इस वितरण मेले के माध्यम से आम नागरिकों और व्यापारियों को पर्याप्त मात्रा में सिक्के उपलब्ध कराए गए, जिससे अब उपभोक्ताओं को सही मूल्य पर उचित राशि वापस मिलने की उम्मीद है और बाजार में लेन-देन अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित हो सकेगा।
अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री कमल किशोर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वास्तव में सिक्कों और छोटे नोटों की कोई गंभीर कमी नहीं है, बल्कि लोग इन्हें अपने पास संचित कर लेते हैं, जिससे बाजार में उनका प्रवाह बाधित होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सिक्कों का नियमित उपयोग करें और उन्हें बाजार में चलन में बनाए रखें, ताकि नकदी लेन-देन में संतुलन बना रहे। मुख्य प्रबंधक श्री क्षितेश्वर पटेल ने कहा कि सिक्का केवल मुद्रा नहीं, बल्कि आर्थिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह इसका सम्मान करें। उन्होंने यह भी कहा कि खुले पैसों के बदले टॉफी या अन्य वस्तुएं लेने की आदत को समाप्त करना चाहिए, क्योंकि इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यकता अनुसार भविष्य में भी इस प्रकार के मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम जनता को सुविधा मिलती रहे।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा “स्वच्छ नोट नीति” के तहत लोगों को साफ-सुथरे नोटों के उपयोग, क्षतिग्रस्त नोटों को बदलने की प्रक्रिया तथा मुद्रा नोटों की सुरक्षा विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि वे किस प्रकार अपने नोटों की पहचान कर सकते हैं और जाली नोटों से बच सकते हैं। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय व्यापार कार्यालय रायगढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री धर्मेंद्र रावत, शाखा प्रबंधक श्री क्षितेश्वर पटेल, करेंसी चेस्ट प्रभारी विक्रम चौधरी सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्राहकों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी व सराहनीय बताया।

Exit mobile version