Site icon chattisgarhmint.com

शाला प्रवेश उत्सव 2026: नए शिक्षा सत्र के स्वागत को तैयार जिले के स्कूल

स्वच्छ, आकर्षक और शिक्षणअनुकूल वातावरण में 16 जून से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र

नवप्रवेशी बच्चों का होगा आत्मीय अभिनंदन, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश का वितरण

जनप्रतिनिधियों, पालकों और समुदाय की सहभागिता से चलेगा विशेष अभियान

शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने किए जायेंगे विशेष प्रयास

रायगढ़, 15 जून 2026/ जिले में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 16 से 27 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करना, नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा शाला त्यागी बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। शाला प्रवेश उत्सव के पूर्व जिले के विद्यालयों में साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत तथा परिसर को शिक्षण-अनुकूल बनाने की कार्यवाही की गई है। विद्यालयों में आकर्षक एवं प्रिंट-रिच वातावरण तैयार किया गया है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके। गांवों एवं शहरी वार्डों में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों से प्राप्त सूची के आधार पर कक्षा पहली तथा प्राथमिक शालाओं से प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा छठवीं में प्रवेश की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो किसी कारणवश विद्यालय से दूर हैं या पढ़ाई छोड़ चुके हैं। उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प देकर स्वागत किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं साइकिल का वितरण किया जाएगा। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार शिक्षकों द्वारा आगामी तीन माह की शैक्षणिक कार्ययोजना तैयार की गई है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ जिला, विकासखंड एवं संकुल स्तर के अधिकारियों को विद्यालयों का सतत निरीक्षण कर आवश्यक अकादमिक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। शाला प्रवेश उत्सव के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों, पालकों, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इच्छुक नागरिकों द्वारा बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेंसिल, स्लेट, कंपास बॉक्स सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर भी सहयोग किया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, पालकों और नागरिकों से शाला प्रवेश उत्सव में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Exit mobile version