• Fri. Nov 6th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    अवैध खनन एवं परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, 31 वाहन जप्त

    Bychattisgarhmint.com

    Jan 4, 2026
    Spread the love


    कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग का सघन अभियान
    रायगढ़, 4 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज अमला रायगढ़ द्वारा विगत एक सप्ताह के दौरान सघन अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध परिवहन के प्रकरणों में खनिज रेत के 27 ट्रैक्टर एवं 1 हाईवा, निम्न श्रेणी चूनापत्थर के 2 हाईवा तथा बोल्डर परिवहन में संलिप्त 1 ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 31 वाहनों को जप्त कर कलेक्ट्रेट परिसर, थाना खरसिया एवं रैरूमाचौकी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
          खनिज मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की लगातार प्राप्त शिकायतों पर कलेक्टर के निर्देशानुसार 02 जनवरी की रात्रि में ग्राम पंचायत संबलपुरी तहसील रायगढ़ में खनिज अमले द्वारा आकस्मिक जांच की गई। जांच के दौरान मौके पर एक जेसीबी एवं तीन टिपर वाहनों के माध्यम से खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किया जाना पाया गया। जांच के दौरान वाहन चालक के कथनानुसार उक्त अवैध उत्खनन कार्य रायगढ़ निवासी हरिओम अग्रवाल द्वारा कराया जाना बताया गया। प्रकरण में संलिप्त सभी वाहनों को जप्त कर कलेक्ट्रेट परिसर रायगढ़ में सुरक्षार्थ रखा गया है।
            जिला खनिज अधिकारी श्री रामाकांत सोनी ने बताया कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई में खनिज निरीक्षक श्री सोमेश्वर सिन्हा सहित जिला खनिज अमले की सक्रिय भूमिका रही।