• Fri. Nov 6th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    खरीफ सीजन से पहले उर्वरक विक्रेताओं पर सख्ती16 दुकानों का किया गया निरीक्षण, अनियमितता पर 5 को कारण बताओ नोटिस 

    Bychattisgarhmint.com

    Apr 8, 2026
    Spread the love


    निगरानी के लिए दल गठित, शिकायतों हेतु कंट्रोल रूम स्थापित

    रायगढ़, 8 अप्रैल 2026/ आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में रासायनिक उर्वरकों की उचित दर पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में पिछले दो दिनों के दौरान 16 उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 5 उर्वरक विक्रय केंद्रों-गोयल फर्टिलाइजर रायगढ़, मेसर्स किसान इंटरप्राइजेज रायगढ़, अन्नपूर्णा खाद भंडार धरमजयगढ़, विक्की खाद भंडार सूपा, पुसौर एवं नरेश ट्रेडर्स सेमरा, पुसौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
    जिले में खाद भंडारण एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला स्तरीय दल का गठन किया गया है। इस दल के नोडल अधिकारी सहायक संचालक कृषि श्री हिन्द कुमार भगत को बनाया गया है, जिनके निर्देशन में उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरंतर निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग द्वारा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। किसान टोल फ्री नंबर 07762-220213 पर कार्यालयीन समय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।