• Tue. Nov 3rd, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    राष्ट्रीय बालिका दिवस पर प्रतिभावान बेटियाँ हुईं सम्मानित

    Bychattisgarhmint.com

    Jan 25, 2026
    Spread the love


    बालिका सशक्तिकरण और शिक्षा को मिला प्रोत्साहन
    मेरिट में स्थान पाने वाली छात्राओं को नगद पुरस्कार से किया गया सम्मानित
    बाल विवाह मुक्त समाज की दिलाई गई शपथ

    रायगढ़, 25 जनवरी 2026/ राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सृजन सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रतिभावान बेटियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
    कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति स्वास्थ्य एवं बाल कल्याण समिति श्रीमती सुषमा खलखो उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष जनपद पंचायत रायगढ़ श्रीमती सुजाता चौहान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सोहनलाल चौधरी एवं श्री सुकलाल चौहान जनपद सदस्य रायगढ़ उपस्थित रहे।
    श्रीमती सुषमा खलखो ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की बालिकाएं शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बालिका सशक्तिकरण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज की सोच और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुजाता चौहान ने दसवीं एवं बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए उनके कठिन परिश्रम और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धियाँ अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
    इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने कहा कि मेरिट सूची में स्थान पाने वाली बेटियों के कारण रायगढ़ जिला गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभावान बालिकाओं से प्रेरणा लेकर अन्य छात्राएं भी लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास तथा जिला संरक्षण अधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया, जिससे उनमें उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त कु. कृतिका यादव, द्वितीय स्थान पर कु. रुक्मणी एवं तृतीय स्थान पर कु. प्रांजल महंत रहीं। वहीं कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान कु. जागृति गुप्ता, द्वितीय स्थान कु. लक्ष्मी कुमारी एवं तृतीय स्थान कु. प्राची प्रधान ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सदस्य द्वारा उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ दिलाई गई।
    इस अवसर श्रीमती दीप मालाकर, प्रभा तिवारी, नेहा अग्रवाल, चेतना पटेल, निर्मला देवांगन, कृति देवांगन, संध्या देवांगन, जानकी खंडेल, रीना पटेल, भारती महंत एवं सरिता सिन्हा सहित स्व-सहायता समूह की महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।