• Mon. Nov 2nd, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    रायगढ़ जिले में नवीन महिला थाना का शुभारंभ, महिला सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

    Bychattisgarhmint.com

    Mar 10, 2025
    Spread the love

    10 मार्च, रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के नवीन महिला थाना का वर्चुअल शुभारंभ रायपुर से किया गया । इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक श्री अरूण देव गौतम, ओएसडी श्री राहुल भगत, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा व आला अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री द्वारा थानों का वर्चुअल उद्घाटन कर बधाई और शुभकामनाएं दी गई । राज्य शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में प्रदेश में पांच नए महिला थानों की स्थापना को मंजूरी दी गई थी, जिसमें रायगढ़ का भी चयन किया गया है । जिले में लंबे समय से महिला थाना की जरूरत महसूस की जा रही थी, माननीय गृह मंत्री, वित्त मंत्री व जनप्रतिनिधियों की पहल से इसे बजट में शामिल किया गया। प्रशासकीय स्वीकृति मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में कार्य तेज हुआ और जल्द ही महिला थाना की शुरुआत सुनिश्चित की गई। यह थाना महिला सेल भवन से संचालित होगा ।
    मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल की अध्यक्षता में शुभारंभ कार्यक्रम संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों से रिबन कटवाये । उन्होंने बताया कि प्रदेश के माननीय गृह मंत्री, वित्त मंत्री तथा जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार महिला थाने के लिए प्रयास किया जा रहा था । उन्होंने बताया कि पहले महिला सेल से महिलाओं की काउंसलिंग, शिकायतों की जांच आदि की कार्यवाही की जाती थी, अब महिला थाना में ही अपराध दर्ज होकर जांच विवेचना कार्य किया जाएगा जिससे महिलाओं से जुड़े अपराधों की जांच तेज होगी और शिकायतों के निपटारे में अधिक प्रभावी कार्यवाही हो सकेगी। इस थाने का पर्यवेक्षण डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी, जबकि थाना प्रभारी की जिम्मेदारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर को सौंपी गई है।
    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला थाना में पर्याप्त महिला बल और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि शिकायत लेकर आने वाली पीड़ित महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित और सहज माहौल मिले। उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही कर न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर उप निरीक्षक पुलिस अधीक्षक साधना सिंह, सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक मोहन भारद्वाज, सहायक उपरीक्षक सरस्वती महापात्रे तथा महिला थाना स्टाफ के साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।