• Wed. Nov 4th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    घरघोड़ा में दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड के लिए शिविर आयोजित, 57 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन

    Bychattisgarhmint.com

    Oct 30, 2026
    Spread the love

    3 और 5 नवंबर को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित होंगे प्रमाणीकरण एवं परीक्षण शिविर

    रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026/ जिले के सभी दिव्यांगजनों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा विकासखंडवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री शिवशंकर पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों का पंजीयन, प्रमाणीकरण एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है।
    इसी क्रम में 30 अक्टूबर को जनपद पंचायत घरघोड़ा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 57 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इस दौरान जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल पटेल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक अग्रवाल, नेत्र सहायक श्री अर्जुन बेहरा, ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. चक्रधर पटेल तथा फिजियोथेरेपिस्ट श्री ईश्वर प्रसाद खड़बंदे शामिल रहे।
    शिविर के सफल संचालन में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ समग्र शिक्षा विभाग की बीआरपी श्रीमती गुरुवारी भारद्वाज, स्पेशल एजुकेटर कु. संगीता पैंकरा एवं श्री नवीन कुमार जांगड़े, शिक्षक श्री संजय कुमार पैंकरा तथा सहायक शिक्षक श्री चंदन बघेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में दिव्यांगजनों की पहचान, आवश्यक जानकारी संकलन एवं पंजीयन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जनपद पंचायत पुसौर में आयोजित शिविर में 249 तथा जनपद पंचायत खरसिया में 236 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया जा चुका है। घरघोड़ा विकासखंड में भी दिव्यांगजनों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आगामी 3 नवंबर एवं 5 नवंबर 2026 को इसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पुनः प्रमाणीकरण एवं चिकित्सकीय परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *