• Tue. Oct 27th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न

    Bychattisgarhmint.com

    Oct 27, 2026
    Spread the love

    रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के अंतर्गत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्राप्त मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव से अवगत कराने तथा सुझाव के संबंध में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाताओं की सुविधा के लिए 9 नए मतदान केंद्र बनाने, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 13 केंद्रों के स्थान बदलने और लैलूंगा के 3 केंद्रों के भवन बदलने का प्रस्ताव पर चर्चा की गई। अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।

    लैलूंगा में 7 और धरमजयगढ़ में 2 नए मतदान केंद्रों का प्रस्ताव

    बैठक में बताया गया कि मतदाताओं को मतदान के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़े, इसके लिए लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में 7 नए मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव है। इनमें प्राथमिक शाला कोन्दाटिकरा, गोढ़ी, केकराझरिया, बरडीह, बांधापाली, पाली और माध्यमिक शाला टांगरघाट शामिल हैं। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में तराईमार और पंडरीपानी में नए मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव है। नए केंद्र बनने से इन क्षेत्रों के मतदाताओं को सुविधा मिलेगी।

    रायगढ़ विधानसभा के 13 मतदान केंद्रों के स्थान बदलेंगे

    बैठक में बताया गया कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 13 मतदान केंद्रों के स्थान परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया है। शासकीय हाई स्कूल रामभांठा के मतदान केंद्र क्रमांक 17 और 23 को डॉ. कैलाशनाथ काटजू प्राथमिक शाला रामभांठा, प्राथमिक शाला मिट्ठूमुड़ा के केंद्र क्रमांक 111 को राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला, संत विनोबा नगर के आंगनबाड़ी केंद्र के मतदान केंद्र क्रमांक 114 को भारतीय खाद्य निगम आगार कार्यालय, सराईभद्दर के केंद्र क्रमांक 122 और 123 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सराईभद्दर, कबीर चौक के मांगलिक भवन स्थित केंद्र क्रमांक 126 और 127 को बीमा चिकित्सा कार्यालय, बाल मंदिर के केंद्र क्रमांक 53, सामुदायिक भवन सीजीएम बंगला के केंद्र क्रमांक 54 और 56 तथा शासकीय इंदिरा गांधी बालक प्राथमिक शाला के केंद्र क्रमांक 55 को सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा मिट्ठूमुड़ा स्थित सामुदायिक भवन शिव मंदिर के केंद्र क्रमांक 113 को राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया जाएगा।

    लैलूंगा के 3 जर्जर भवनों में भी बदलाव

    लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों के भवन बदलने का प्रस्ताव है। खेडआमा के केंद्र क्रमांक 37 को प्राथमिक शाला से माध्यमिक शाला खेडआमा, टटकेला के केंद्र क्रमांक 125 को प्राथमिक शाला से लोहारपारा स्थित आंगनबाड़ी भवन और लमडांड के केंद्र क्रमांक 133 को माध्यमिक शाला से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमडांड में स्थानांतरित करने की योजना है। इन भवनों की स्थिति जर्जर होने के कारण बदलाव प्रस्तावित किया गया है।

    मतदान केंद्रों के नाम और अनुभागों में भी बदलाव

    रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कार्यालय और स्कूल भवनों के नाम बदलने के कारण कुछ मतदान केंद्रों के नाम में संशोधन का प्रस्ताव है। उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के नाम से दर्ज केंद्र क्रमांक 37 और 40 को अब क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला, बादल महल राजापारा के नाम से दर्ज करने का प्रस्ताव है। अनाथालय प्राथमिक शाला के केंद्र क्रमांक 57 और 58 का नाम बदलकर श्री दुर्गा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (अनाथालय) करने का प्रस्ताव है। इसी तरह धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुछ मतदान केन्द्रों के अनुभाग स्थानांतरण का भी प्रस्ताव है।
    बैठक में मतदाता संख्या की जानकारी भी साझा की गई। 29 सितंबर 2026 के बाद जिले में नाम जोड़ने के लिए 11,678 नए फॉर्म-6 डिजिटाइज किए गए हैं। वर्तमान में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 8,52,629 है। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार लैलूंगा में 2,00,094, रायगढ़ में 2,36,275, खरसिया में 2,08,122 और धरमजयगढ़ में 2,08,138 मतदाता हैं। प्रस्तुत आंकड़ों में लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1.94 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

    12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां

    विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी करने का कार्यक्रम है। एकीकृत मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां ली जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 प्राप्त करेंगे।

    राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील

    अपर कलेक्टर ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर उनकी विधानसभावार सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने में सभी दलों से सहयोग की अपील की। बैठक में पवन शर्मा, आशीष शर्मा, इनोसेंट कुजूर, हेमंत डनसेना, अंकुश अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *