• Fri. May 22nd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

रायगढ़ स्टेडियम समिति की बैठक में बड़े फैसले

Bychattisgarhmint.com

May 21, 2026

मिनी स्टेडियम को स्टेडियम समिति में शामिल करने पर सहमति

स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर गेम्स अब सातों दिन रहेंगे खुले

खेल सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना उन्नयन पर हुआ मंथन

खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने समन्वित प्रयासों पर जोर

रायगढ़, 21 मई 2026/ रायगढ़ स्टेडियम समिति की आम सभा की बैठक आज कलेक्टर कक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं रायगढ़ स्टेडियम समिति के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी ने की। बैठक में स्टेडियम के संचालन, खेल सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा खेल अधोसंरचना को और अधिक मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा जीर्णोद्धार किए जा रहे मिनी स्टेडियम को रायगढ़ स्टेडियम समिति के अंतर्गत शामिल करने पर सहमति बनी। कलेक्टर ने कहा कि इससे मिनी स्टेडियम का संचालन एवं रखरखाव अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध होगा।
बैठक में खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ स्टेडियम एवं रायगढ़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इंडोर गेम्स को भी सप्ताह के सातों दिन संचालित करने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि अवकाश के दिनों में बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी खेल गतिविधियों में भाग लेते हैं, इसलिए सातों दिन सुविधाएं उपलब्ध रहने से खिलाड़ियों को अधिक लाभ मिलेगा। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए रायगढ़ स्टेडियम समिति के आय-व्यय का अवलोकन किया गया तथा आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। खेल गतिविधियों को नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने, खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेडियम परिसर के रखरखाव को बेहतर बनाने पर सदस्यों ने अपने सुझाव दिए।
बैठक में रायगढ़ स्टेडियम में प्रस्तावित स्वीमिंग पुल एवं सिंथेटिक ट्रैक निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं के विकसित होने से जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। साथ ही रायगढ़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में लॉन टेनिस कोर्ट निर्माण कार्य को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। स्टेडियम परिसर की आवश्यक मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। इसमें क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल निर्माण, तायक्वांडो हॉल की टाइल्स मरम्मत, बैडमिंटन हॉल की छत एवं शेड की मरम्मत, पुरुष शौचालय व्यवस्था तथा वॉलीबॉल कोर्ट हेतु फेसिंग निर्माण जैसे कार्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम श्री आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, जिला कोषालय अधिकारी, सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित समिति के सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *