• Sat. Nov 28th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं ग्रामीण महिलाएं

    Bychattisgarhmint.com

    Nov 28, 2026
    Spread the love

    स्व-सहायता समूहों से मिल रहे आजीविका के अवसर, मशरूम उत्पादन से बढ़ा रहीं आमदनी

    मास्टर ट्रेनर बनकर दूसरी महिलाओं को भी दे रहीं प्र

    रायगढ़, 28 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़कर उन्हें आर्थिक गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। शासन की योजनाओं, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग से महिलाएं अपनी पहचान बनाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। ऐसी ही प्रेरक कहानी रायगढ़ जिले के ग्राम धनागर की कमला चौधरी की है, जिन्होंने स्व-सहायता समूह से जुड़कर मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का साधन बनाया है। आज वे न केवल इससे अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रही हैं, बल्कि मास्टर ट्रेनर के रूप में दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
    कमला चौधरी रुक्मणी स्व-सहायता समूह से जुड़ीं और नियमित बैठकों में भाग लेकर बचत की शुरुआत की। समूह के माध्यम से उन्हें आजीविका के विभिन्न साधनों और शासन की योजनाओं की जानकारी मिली। आवश्यकता पड़ने पर समूह से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिली। वहीं, अपनी बचत के आधार पर बैंक से भी ऋण प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग ने उन्हें आजीविका के नए अवसर अपनाने और अपने कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।

    मशरूम उत्पादन से मिली आय की नई राह

    कमला ने बैंक से मिले ऋण का उपयोग खेती, पशुपालन और मशरूम उत्पादन जैसे आजीविका के कार्यों में किया। मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने ऑयस्टर तथा पैरा पुटू मशरूम का उत्पादन शुरू किया। लगातार मेहनत और अभ्यास से उन्होंने इस कार्य की तकनीक में दक्षता हासिल की। धीरे-धीरे मशरूम उत्पादन उनके लिए अतिरिक्त आमदनी का महत्वपूर्ण जरिया बन गया। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिली।

    मास्टर ट्रेनर बनकर दूसरी महिलाओं को भी कर रहीं प्रेरित

    मशरूम उत्पादन में अनुभव और दक्षता हासिल करने के बाद कमला चौधरी अब मास्टर ट्रेनर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वे विभिन्न स्थानों पर जाकर ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीक, इसकी प्रक्रिया और इसे आजीविका के रूप में अपनाने के तरीकों का प्रशिक्षण देती हैं। उनके प्रयासों से अन्य महिलाएं भी घर और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित हो रही हैं। कमला चौधरी बताती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। समूह की नियमित बचत, ऋण सुविधा और प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने तथा अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया। अपनी सफलता के लिए उन्होंने शासन की योजनाओं और स्व-सहायता समूह के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *