• Sat. Apr 25th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

ऑपरेशन तलाश में दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार — कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

Bychattisgarhmint.com

Apr 25, 2026

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट और धमकी के आरोपी को दबोचा

फरारी काट रहे आरोपी की पतासाजी कर कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

महिला संबंधी गंभीर अपराधों में रायगढ़ पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी

25 अप्रैल, रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान में कोतवाली पुलिस को दुष्कर्म के एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। महिला संबंधी गंभीर अपराध में फरार चल रहे आरोपी भोजराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जानकारी के अनुसार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की एक महिला ने 31 मार्च 2026 को थाना कोतवाली में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जनवरी 2026 में भोजराम यादव निवासी ग्राम बरदुला से परिचय होने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ। पीड़िता के अनुसार 16 जनवरी को जन्मदिन के बहाने आरोपी उसे रायगढ़ लाया और शारीरिक संबंध बनाए फिर काशीराम चौक बायपास रोड स्थित किराए के मकान में करीब 20 दिनों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में 24 मार्च को आरोपी महिला को वापस ग्राम बरदुला ले गया, जहां शादी से इनकार करते हुए उसके साथ मारपीट की और धमकी देकर छोड़ दिया। महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 69, 75(3), 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। ऑपरेशन तलाश के दौरान 23 अप्रैल को कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं कोतवाली स्टाफ की अहम भूमिका रही। “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ लगातार जारी है और महिला अपराधों में वांछित आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश : *“महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी, कठोर वैधानिक कार्रवाई और फरार आरोपियों की लगातार धरपकड़ रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *