• Thu. Mar 12th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, रायगढ़ में होटलों व रेस्टोरेंट में औचक जांच

Bychattisgarhmint.com

Mar 11, 2026


कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम के नेतृत्व में संयुक्त टीम की कार्रवाई
शहर के आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय, गणगौर स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायगढ़, 11 मार्च 2026/ राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर, अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति बनाए रखने तथा उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आज रायगढ़ शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
            एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और भोजनालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय, गणगौर स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों के निर्धारित उपयोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए ही किया जाना निर्धारित है। किसी भी प्रकार से इसका व्यवसायिक उपयोग या दुरुपयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को केवल व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करने के निर्देश दिए।
            निरीक्षण के दौरान टीम ने गैस एजेंसियों द्वारा की जा रही आपूर्ति व्यवस्था तथा सिलेंडरों की उपलब्धता की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक एवं वितरण पर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर संग्रहित करने की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों को समय-समय पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से गैस की उपलब्धता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके माध्यम से न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस की सुचारू उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *