रायगढ़, 9 फरवरी 2026/ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक विद्यार्थी 11 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया राज्य शासन की आधिकारिक वेबसाइट www.eklavya.cg.nic.in के माध्यम से पूरी की जाएगी। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 7 फरवरी 2026 निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 11 फरवरी 2026 कर दिया गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधार की अवधि भी बढ़ाई गई है। अब अभ्यर्थी 12 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक सुधार कर सकेंगे। पहले यह अवधि 8 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक थी। वहीं प्रवेश परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा अवधि कुल 02 घंटे की होगी। प्रवेश परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश ऑनलाइन वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने जिले के समस्त प्राथमिक शालाओं एवं आश्रम शालाओं के प्राचार्यों और शिक्षकों से अपील की है कि वे पात्र छात्र-छात्राओं का समय पर आवेदन भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं प्रवेश की आवेदन तिथि बढ़ी

