• Thu. Oct 22nd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जब्ती का आंकड़ा 20 हजार क्विंटल के पार

Bychattisgarhmint.com

Dec 5, 2025

रायगढ़ तहसील में सर्वाधिक 5 हजार क्विंटल से अधिक धान की जब्ती

कड़ी निगरानी से कोचियों व बिचौलियों में हड़कंप

रायगढ़, 5 दिसम्बर 2025/ जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के परिणाम स्वरूप बड़ी सफलता मिली है। प्रशासनिक टीमों की सतत निगरानी, छापामार कार्रवाई और मजबूत समन्वय व्यवस्था के चलते अब तक कुल 20,448.80 क्विंटल अवैध धान की जब्ती की जा चुकी है। इस अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई रायगढ़ तहसील में की गई, जहां 5,015.60 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसके अलावा पुसौर में 2,080 क्विंटल, खरसिया में 3,152 क्विंटल, लैलूंगा में 3,557.60 क्विंटल, धरमजयगढ़ 3,603.60 क्विंटल, तमनार में 1032 क्ंिवटल सहित अन्य तहसीलों में भी धान जब्ती की गई है। अब कुल 109 प्रकरणों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में गठित निगरानी टीमें दिन-रात फील्ड में सक्रिय हैं। जिला सीमाओं, आंतरिक मार्गों, चेकपोस्टों और जंगल मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कोचियों और बिचौलियों द्वारा धान की अवैध आवाजाही को रोका जा सके। प्रशासन की कठोर कार्रवाई के कारण अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है और उनके मंसूबे लगातार विफल हो रहे हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधि बर्दाश्त न की जाए। जिले में कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि किसानों का हित सुरक्षित रहे और समर्थन मूल्य व्यवस्था की निष्पक्षता बनी रहे।

106 thoughts on “धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जब्ती का आंकड़ा 20 हजार क्विंटल के पार”

Comments are closed.