• Sat. Apr 18th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

जनगणना-2027: कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं ऑनलाईन फॉर्म भरकर नागरिकों को किया प्रेरित

Bychattisgarhmint.com

Apr 17, 2026


जिले के नागरिकों से डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की अपील
स्व-गणना में 30 अप्रैल तक घर बैठे ऑनलाइन भरें जानकारी

रायगढ़, 17 अप्रैल 2026/ जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह प्रक्रिया 30 अप्रैल तक संचालित की जा रही है। इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/⁠   के माध्यम से घर बैठे आसानी से स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज स्वयं ऑनलाईन स्व-गणना फॉर्म भरकर जिले के नागरिकों को प्रेरित किया। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस डिजिटल प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने परिवार एवं मकान से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी ऑनलाइन दर्ज करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
        कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा एवं श्रीमती पूजा बंसल सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरा। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा 30 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। फॉर्म भरते समय जानकारी को अंतिम सबमिट करने से पहले संशोधित किया जा सकता है, किन्तु सबमिट करने के पश्चात उसमें कोई परिवर्तन संभव नहीं होगा। फॉर्म भरने के उपरांत प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। प्रगणक के घर आगमन के समय यह आईडी साझा करनी होगी, जिसके आधार पर दर्ज जानकारी का सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
         उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा का सत्यापन करेंगे। यदि कोई नागरिक 30 अप्रैल तक स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो 1 मई से प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी संकलित करेंगे। डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क किया जा सकता है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *