• Wed. Oct 28th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    महतारी वंदन फॉर्म की प्रतिदिन ऑनलाइन एंट्री पूरी करते चलें-कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल

    Bychattisgarhmint.com

    Feb 6, 2024
    Spread the love

    कलेक्टर श्री गोयल ने कहा अतिक्रमण पर लगातार जारी रखें कार्यवाही

    अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीकृत युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

    किसानों के केसीसी बनाने में तेजी लाने के निर्देश

    महतारी वंदन योजना में फर्जी वेब लिंक में जानकारी साझा करने से बचें, समस्या पर जिला प्रशासन की हेल्प लाइन पर कॉल कर के लें मदद

    कलेक्टर श्री गोयल ने ली समय-सीमा की बैठक

    रायगढ़, 6 फरवरी 2024/ कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने महतारी वंदन योजना को लेकर अधिकारियों से कहा कि योजना का लाभ लेने जो आवेदन मिल रहे हैं उनकी हर दिन ऑनलाइन एंट्री पूर्ण करते चलें। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग के साथ पंचायत सचिवों के सहयोग से कार्य तेजी से करने के निर्देश समय-सीमा की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि काफी संख्या में ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। घर-घर सर्वे का काम चल रहा है। उसी गति से भरे हुए फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री भी जरूरी है। उन्होंने इसके लिए पर्याप्त संख्या में ऑपरेटर और मैन पावर लगाने के निर्देश डीपीओ महिला बाल विकास के साथ सीईओ जनपदों को दिए। कलेक्टर श्री गोयल ने इसके साथ ही लोगों को फर्जी वेब लिंक में किसी प्रकार की जानकारी साझा नही करने सावधान करने के लिए कहा। महतारी वंदन के आवेदन से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के निदान हेतु जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्प लाइन नंबर को गांव-गांव में प्रचारित करने के निर्देश भी दिए।
    कलेक्टर श्री गोयल ने जिले में किसानों के केसीसी निर्माण में धीमी गति को लेकर उप संचालक कृषि पर कड़ी नाराजगी जताई और हिदायत देते हुए कहा कि अगले एक हफ्ते में प्रगति दिखनी चाहिए। उन्होंने अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी को भी विशेष रूप से निर्देशित किया कि अब चूंकि धान खरीदी समाप्त हो गई है अत: समितियों के माध्यम से किसानों के केसीसी कार्ड निर्माण में तेजी लाई जाए। कलेक्टर श्री गोयल ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े निर्माण कार्यों की लेट-लतीफी पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी सीजीएमएसी को निर्देश देते हुए कहा कि भूमि का चिन्हांकन किया जा चुका है, अगले हफ्ते तक सभी जगहों पर काम प्रारंभ होना चाहिए। आयुष्मान कार्ड निर्माण की गति को भी नाकाफी बताते हुए कलेक्टर श्री गोयल ने इसमें भी संतोषजनक प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर लगातार कार्यवाही जारी रहनी चाहिए। उन्होंने राजस्व और निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां से भी शिकायत मिल रही है वहां कार्यवाही हो।
    इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव, डीएफओ रायगढ़ सुश्री स्टायलो मण्डावी, डीएफओ धरमजयगढ़ श्री अभिषेक जोगावत, सहायक कलेक्टर श्री युवराज मरमट, अपर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर श्री राजीव कुमार पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
    खातों में त्रुटि सुधार कर बोनस की राशि करें अंतरित
    कलेक्टर श्री गोयल ने धान के बकाया बोनस के भुगतान के बारे में समीक्षा करते हुए कहा कि कई किसानों के खाते बदलने, खाता क्रमांक में त्रुटि, मृत्यु, नामांतरण बंटवारा जैसी स्थिति के कारण शासन से जारी राशि उनके खातों में अंतरित नही हो पाई है। उन्होंने सभी सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे किसानों की जानकारी एकत्र कर अपेक्स बैंक को खातों में त्रुटि सुधार करते हुए जल्द राशि अंतरित करने के निर्देश दिए।
    अग्निविर भर्ती के लिए पंजीकृत युवाओं को लिखित और फिजिकल दोनों का मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण
    कलेक्टर श्री गोयल ने बैठक में अग्निवीर भर्ती परीक्षा के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने भर्ती के संबंध में युवाओं को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। सभी एसडीएम को इसमें आवश्यक सहयोग और समन्वय के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जो युवा भर्ती परीक्षा के लिए फॉर्म भरते हैं, उन्हें जिला प्रशासन की ओर से एप्टीट्यूड टेस्ट (लिखित परीक्षा) और फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए नि:शुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। शिक्षा और रोजगार विभाग को इसके लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश उन्होंने दिए।

    38 thoughts on “महतारी वंदन फॉर्म की प्रतिदिन ऑनलाइन एंट्री पूरी करते चलें-कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल”

    Comments are closed.