• Thu. Apr 23rd, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

काम में लापरवाही पर ठेकेदार को किया गया ब्लैकलिस्टेड

Bychattisgarhmint.com

Apr 22, 2026


निविदा निरस्त, जमानत राशि राजसात
रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ में विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह कार्रवाई संजय मैदान विकास कार्य में निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं करने और बार-बार नोटिस के बावजूद प्रगति नहीं दिखाने पर की गई है।
संजय मैदान के विकास कार्य के अंतर्गत फेंसिंग, गेट निर्माण, पाथवे, नाली निर्माण, विद्युत व्यवस्था, ग्राउंड मेकिंग तथा सिटिंग चेयर जैसे कार्यों के लिए कान्हा कंस्ट्रक्शन प्रोपराइटर कन्हैया सोनी सक्ती को कार्यादेश जारी किया गया था। इस कार्य की समय-सीमा लगभग 5 माह निर्धारित थी, लेकिन तय अवधि बीतने के बाद भी कार्य में कोई ठोस प्रगति नहीं पाई गई।
निगम प्रशासन द्वारा ठेकेदार को 29 सितंबर 2025 को प्रथम नोटिस इसके बाद क्रमशः द्वितीय एवं अंतिम सूचना पत्र भेजे गए, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार कान्हा कंस्ट्रक्शन प्रोपराइटर कन्हैया सोनी द्वारा कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा कार्य बंद कर दिए जाने से आम नागरिकों में असंतोष की स्थिति बन रही थी और निगम की छवि भी प्रभावित हो रही थी।
निविदा निरस्त, जमानत राशि राजसात
निगम प्रशासन ने ठेकेदार कान्हा कंस्ट्रक्शन प्रोपराइटर कन्हैया सोनी की निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है साथ ही, अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार की जमा जमानत राशि को राजसात कर लिया गया है।
एक वर्ष के लिए प्रतिबंध
आयुक्त के निर्देशानुसार संबंधित ठेकेदार को आगामी 1 वर्ष तक नगर निगम की सभी निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से अन्य ठेकेदारों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कार्य में लापरवाही या नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर प्रशासन द्वारा शहर के विकास कार्य में लगे सभी ठेकेदारों को चेतावनी दी है कि वे समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, अन्यथा इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *