आपात स्थिति में टोल फ्री/हेल्पलाइन नंबर 07762-223750 पर दें तत्काल सूचना
रायगढ़, 10 जुलाई 2026/ आगामी मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के बेहतर समन्वय के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के संचालन स्थल में परिवर्तन किया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रायगढ़ के आदेशानुसार अब जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष जिला कार्यालय रायगढ़ के कक्ष क्रमांक-42 से संचालित होगा। पूर्व में यह नियंत्रण कक्ष जिला कार्यालय के कक्ष क्रमांक-10 में स्थापित किया गया था। कार्यालयीन कार्यों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए इसे अब कक्ष क्रमांक-42 में स्थानांतरित किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
मानसून के दौरान बाढ़, जलभराव, अतिवृष्टि, पेड़ गिरने, जन-धन की हानि अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित किसी भी सूचना या सहायता के लिए नागरिक जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइनध्टोल फ्री नंबर 07762-223750 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति की जानकारी बिना विलंब नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जा सकें। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
