• Thu. Oct 29th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    घरघोड़ा पुलिस ने पकड़ा रेल्वे ट्रैक से कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह

    Bychattisgarhmint.com

    Aug 23, 2025
    Spread the love

    ● आरोपियों से 1900 मीटर से अधिक कॉपर, कैटनरी एवं कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन, एक मोटर सायकल बरामद

    ● आरोपियों की गिरफ्तारी से 3 अपराधों का हुआ खुलासा, आरोपी रिमांड बाद गये सलाखों के पीछे

    23 अगस्त 2025, रायगढ़, घरघोड़ा पुलिस ने नवनिर्मित रेल्वे लाइन से कॉपर वायर और अन्य उपकरण चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 1900 मीटर से अधिक तांबे के तार, कैटनरी एवं कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन सहित ओएचई फिटिंग्स बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 88 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की आरीपत्ती और टांगी भी जप्त की गई। इस कार्रवाई से थाना घरघोड़ा में दर्ज तीन अलग-अलग चोरी के मामलों—अपराध क्रमांक 183/2025, 191/2025 और 202/2025 धारा 303(2) बीएनएस का पर्दाफाश हुआ है। रेल संपत्ति चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने मुखबिरों को सक्रिय कर लगातार जानकारी जुटाई। इसी कड़ी में 23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नुनदरहा के कुछ युवक चोरी का कॉपर वायर छिपाकर रखे हैं और ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुष्यंत यादव, गजानंद चौहान, सचित चौहान, लवकेशचंद्र चौहान और पुरन चौहान को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने कबूल किया कि 30 जून की रात दुष्यंत, गजानंद और सचित ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच रेल्वे लाइन के खंभा नंबर G-3/1 से G-3/6 के बीच से तांबा कैटनरी तार कीमती 15 हजार रुपये, 23 जुलाई को दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने ग्राम कंचनपुर क्षेत्र के खंभा नंबर 38/6 से 38/12 के बीच से कैटनरी और कांटेक्ट तार, क्लिप, पिन, स्विवेल क्लिप, जम्पर व स्प्राइस कीमती 41 हजार रुपये तथा 30 जुलाई की रात पुनः दुष्यंत, लवकेश और पुरन ने घरघोड़ा-भालुमुड़ा के बीच से तांबा तार कीमती लगभग 32 हजार रुपये की चोरी की थी । पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर तीनों अपराधों में प्रयुक्त औजार और चोरी किया गया सामान जब्त किया। इसमें विभिन्न लंबाई के तांबे के तार, ओएचई फिटिंग्स, कैटनरी क्लिप, कांटेक्ट क्लिप, जम्पर, आरीपत्ती और टांगी शामिल हैं। घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

    गिरफ्तार आरोपी –

    1. दुष्यंत यादव पिता लखनलाल यादव उम्र 22 वर्ष
    2. गजानंद चौहान पिता अमरसाय चौहान उम्र 21 वर्ष
    3. सचित चौहान पिता रामनाथ चौहान उम्र 20 वर्ष
    4. पुरन चौहान पिता मोहितराम चौहान उम्र 26 वर्ष
    5. लवकेशचंद्र चौहान पिता सुखसाय चौहान उम्र 25 वर्ष
      सभी आरोपी ग्राम नुनदरहा, थाना घरघोड़ा के निवासी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी का माल बरामदगी और पूरे गिरोह का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक हरिश पटेल और प्रहलाद भगत की अहम भूमिका रही। इस कार्रवाई से क्षेत्र में रेल्वे संपत्ति चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।