• Mon. Jul 6th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

पत्नी की हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलने का आरोप

Bychattisgarhmint.com

Jul 5, 2026

जूटमिल पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड

चरित्र शंका में विवाद के बाद वारदात, आरोपी को रिमांड पर पेश कर भेजा गया जेल

5 जुलाई, रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के क्रम में थाना जूटमिल पुलिस ने पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने अपनी पत्नी पर बुलेट मोटरसाइकिल कई बार चढ़ाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था। जानकारी के अनुसार पीड़िता गणेशी साहू (32 वर्ष), निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल ने दिनांक 03 जुलाई 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2014 में उसने अमित साहू से प्रेम विवाह किया था तथा उनके दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट एवं विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता अपने बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराये के मकान में रहने लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार 30 जून, जो पीड़िता का जन्मदिन था, आरोपी उसे समझाने-बुझाने और भविष्य में शराब नहीं पीने तथा अच्छे से रखने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद 03 जुलाई 2026 की रात आरोपी उसे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए जब पीड़िता घर से बाहर भागी तो आरोपी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG-16-CQ-2698 से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने हत्या की नीयत से मोटरसाइकिल को कई बार उसके शरीर के ऊपर चढ़ाया और जान से मारने की धमकी देते हुए लगातार कुचलने का प्रयास किया, जिससे पीड़िता के हाथ, गर्दन, सिर, जांघ, चेहरे एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अमित साहू (36 वर्ष), पिता कृष्णा साहू, निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र सिंह पटेल और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है । महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस द्वारा संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई लगातार जारी है।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश— *"घरेलू विवाद की आड़ में अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा या जानलेवा हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। "*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *