• Fri. Oct 30th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    कोतरारोड पुलिस ने 20 लीटर अवैध महुआ शराब, मोटर सायकल के साथ तीन गिरफ्तार

    Bychattisgarhmint.com

    Jul 16, 2025
    Spread the love
    16 जुलाई 2025, रायगढ़ । आज दिनांक 16 जुलाई 2025 को रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम के दिशा-निर्देश पर कोतरारोड़ थाना पुलिस द्वारा जिंदल रोड कलमी क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। 
          मुखबिर से मिली पक्की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर अपनी टीम को ब्रीफ कर मौके पर रवाना किया था।पुलिस टीम ने गवाहों के साथ जिंदल रोड कलमी के पास घात लगाकर घेराबंदी की, जहां कुछ समय पश्चात एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 H 1521) पर तीन व्यक्ति आते दिखे। पीछे बैठे दोनों व्यक्तियों के हाथ में जरीकेन देख पुलिस ने उन्हें रोका और पूछताछ की। मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम होरीलाल झोरखा (29 वर्ष) निवासी स्कूलपारा गोरखा बताया, वहीं बीच में बैठे युवक ने नाम लखन लाल झोरखा (18 वर्ष) निवासी दमदरहा, हाल गोरखा और पीछे बैठे तीसरे व्यक्ति ने नाम कमलेश सतनामी (35 वर्ष) निवासी पुलिया पारा गोरखा बताया।
            मौके पर मौजूद पंचगवाह समारू उरांव एवं पवन रजक की उपस्थिति में दोनों जरीकेन की जांच करने पर उसमें कुल 20 लीटर महुआ शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2000 बताई गई है। साथ ही मैरून रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब ₹20,000 है, उसे भी जब्त कर लिया गया। कुल जब्ती का मूल्य लगभग ₹22,000 है।
         आरोपियों के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 294/2025 धारा 34(2), 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंभू खैरवार, आरक्षक चंद्रेश पांडेय एवं घनश्याम सिदार की अहम भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज करने के संकेत दिए हैं।