• Thu. Apr 16th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

जनगणना 2027 की रायगढ़ में तैयारियां तेज, 16 अप्रैल से स्व-गणना का मिलेगा अवसर

Bychattisgarhmint.com

Apr 15, 2026


व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू, 1 मई से मकान सूचीकरण एवं आवास गणना

रायगढ़, 15 अप्रैल 2026/ जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां अब तेजी से आगे बढ़ रही हैं। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। नगरीय निकायों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आमजन को जनगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व से अवगत कराया जा रहा है। जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा, जिसके तहत जिले के प्रत्येक आवासीय एवं गैर-आवासीय भवन का सर्वेक्षण कर उसकी स्थिति, उपयोग तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी, जो भविष्य की विकास योजनाओं के लिए आधार तैयार करेगी। 
इस बार जनगणना को अधिक सरल और सहभागी बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी प्रदान की गई है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच इच्छुक नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार एवं आवास से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना करने वाले परिवारों को एक विशेष सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा तथा प्रगणक के घर पहुंचने पर इसी आईडी के माध्यम से जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। 
जनगणना के दौरान भवन की संख्या, प्रकार, उपयोग, निर्माण की स्थिति (कच्चा, पक्का या अर्ध-पक्का), परिवारों की संख्या तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस एवं इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जो सामाजिक-आर्थिक योजनाओं एवं आधारभूत विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निर्धारित अवधि में अधिकृत प्रगणक पहचान पत्र के साथ घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित करेंगे, ऐसे में नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा स्व-गणना करने वाले परिवार अपनी आईडी अवश्य साझा करें। जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। कलेक्टर ने नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा है कि सटीक आंकड़े ही योजनाओं को प्रभावी बनाते हैं और विकास को सही दिशा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *