संवेदनशीलता और समन्वय से मिला समाधान, हितग्राही को समय पर मिला अधिकार
रायगढ़, 5 मई 2026/ रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता एवं तत्परता से कुडुमकेला निवासी तिहारिन बाई चौहान के बैंक खाते में जमा राशि के भुगतान से जुड़े प्रकरण का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया गया। खाताधारक तिहारिन बाई के निधन के पश्चात उनके खाते में जमा लगभग 44 हजार रुपए की राशि का आहरण नहीं हो पाने से परिजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में परिजन द्वारा अपनी समस्या साझा किए जाने पर कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लिया गया और मामले के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक पहल की गई। एसडीएम घरघोड़ा श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने संबंधित बैंक प्रबंधन को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरण का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन के मार्गदर्शन एवं विभागीय समन्वय से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा कुडुमकेला में दावा प्रकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
एसडीएम घरघोड़ा ने बताया कि 4 मई 2026 को प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण करते हुए नामिनी श्री सोनसाय चौहान को 44,195 रुपए की सेटलमेंट राशि का चेक प्रदान किया गया, जिससे परिवार को तत्काल राहत मिली। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्यवाही करना सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही को नियमानुसार उसके अधिकारों का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
