• Wed. Oct 28th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    ड्रिंक एंड ड्राइव पर रायगढ़ पुलिस सख़्त

    Bychattisgarhmint.com

    Oct 15, 2025
    Spread the love

    एक ही दिन में 37 वाहन चालकों पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई

    त्यौहारी सीजन में सड़क सुरक्षा पर फोकस : मॉडिफाई साइलेंसर और ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर अभियान तेज

    रायगढ़, 15 अक्टूबर । एसपी श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम, डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कल दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थानाक्षेत्रों में कुल 37 व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें कोतरारोड पुलिस ने सर्वाधिक 7 वाहन चालकों को पकड़ा है। सभी के विरुद्ध इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में पेश किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। विदित हो कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने पर पहली बार पकड़े जाने पर 6 माह तक की कैद या ₹10,000 तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं, जबकि दूसरी बार अपराध करने पर सजा और जुर्माने में वृद्धि का प्रावधान है। डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए पुलिस द्वारा शहर और तहसील स्तर पर प्रतिदिन जांच अभियान जारी रहेगा। एसपी श्री दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा तेज रफ्तार, मॉडिफाई साइलेंसर और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखने और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।