• Wed. Oct 28th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    कान फाड़ू साइलेंसर पर रायगढ़ पुलिस की जबरदस्त कार्रवाई

    Bychattisgarhmint.com

    Mar 29, 2026
    Spread the love

    वाहनों में मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वाले युवकों और उनके अभिभावकों को एसएसपी ने कार्यालय बुलाकर दी गई कड़ी समझाइश

    अभियान में जब्त 50 मॉडिफाई साइलेंसर पर चला बुलडोजर

    मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई— एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह

    रायगढ़, 29 मार्च । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ सभी थानों की टीमें प्रतिदिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ऐसे वाहनों की जांच कर रही हैं। इसी कड़ी में कल डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न चेक प्वाइंट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान शहर के विभिन्न चौंक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस ने 11 ऐसे वाहनों को पकड़ा, जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगे हुए थे। सभी वाहनों को कार्रवाई के लिए ट्रैफिक थाना लाया गया । आज सुबह संबंधित वाहन चालकों और उनके अभिभावकों को पुलिस कार्यालय बुलाया गया, जहां एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने नियमों के उल्लंघन पर कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। थाने में इन वाहनों में लगे मॉडिफाई साइलेंसर निकलवाकर चालानी कार्रवाई की गई । उल्लेखनीय है कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर मॉडिफाई साइलेंसर के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर हाल ही में थाना यातायात और थानों द्वारा करीब 50 साइलेंसर जब्त किए गए हैं, जिन्हें ट्रैफिक पुलिस द्वारा आज ट्रैफिक थाना के पीछे पुलिस कालोनी में बुलडोजर चलवाकर नष्ट किया गया है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से अपील करते हुए अपना शासकीय मोबाइल नंबर 9479193200 साझा किया और कहा कि मॉडिफाई साइलेंसर लगे वाहनों की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजकर पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे वाहन चालकों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। मॉडिफाई साइलेंसर के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह, थाना प्रभारी ट्रैफिक नारायण सिंह मरकाम एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

    👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश— *“यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी”*