• Sun. Apr 19th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

1 से 15 अप्रैल राजस्व पखवाड़ा: समयबद्ध समाधान से बढ़ा प्रशासन पर विश्वास

Bychattisgarhmint.com

Apr 18, 2026

मौके पर किया गया 2540 आवेदनों का निराकरण

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 अप्रैल 2026/राजस्व विभाग के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया गया। जिले के सभी तहसीलों के ग्राम पंचायतों में शिविर लगाया गया। जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संचालित राजस्व पखवाड़ा अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अभियान के प्रथम चरण में कुल 2540 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे आम नागरिकों को त्वरित राहत प्राप्त हुई है। राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर भूमि संबंधी प्रकरणों जैसे सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं त्रुटि सुधार के साथ-साथ आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है।

कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कहा कि “राजस्व पखवाड़ा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र आवेदक को समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक निराकरण प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।” शिविर आधारित व्यवस्था से लोगों को उनके क्षेत्र में ही सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत के साथ-साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हो रहा है।

 कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार राजस्व अमले की सक्रिय भागीदारी से शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया, जिससे किसानों के द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी चरणों में आयोजित होने वाले राजस्व पखवाड़ा शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें एवं इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *