• Thu. Nov 5th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    क्लासिकल कथक सोलो में समृद्धि मेहर का शानदार प्रदर्शन, प्रथम स्थान हासिल

    Bychattisgarhmint.com

    Dec 26, 2025
    Spread the love


    मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने बिखेरा नृत्य का रंग
    रायगढ़, 26 दिसम्बर 2025/ नगर निगम ऑडिटोरियम में 21 से 24 दिसंबर तक सतरंग संस्था के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता का भव्य और भावनात्मक समापन हुआ। चार दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों ने शास्त्रीय एवं लोक नृत्य विधाओं में अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
    प्रतियोगिता के क्लासिकल कैटेगरी अंतर्गत सोलो कथक नृत्य में ओपी जिंदल स्कूल, रायगढ़ की कक्षा सातवीं की छात्रा समृद्धि मेहर ने अपनी सधी हुई भाव-भंगिमाओं, सुस्पष्ट मुद्राओं, लयबद्ध ताल और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। मंच पर उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति के दौरान सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा। समृद्धि मेहर की कथक प्रस्तुति में शास्त्रीय परंपरा के साथ भाव, गति और ताल का अद्भुत संतुलन देखने को मिला, जिसे निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ मानते हुए उन्हें विजेता घोषित किया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य राज्यों के प्रतिभागियों के बीच समृद्धि का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल रहा।
    चार दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, फ्यूजन और लोक नृत्य जैसी विविध नृत्य शैलियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
    समापन समारोह के अवसर पर सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि मधु गुंजन डांस प्रतियोगिता जैसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को एक सशक्त मंच मिलता है, साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर की सांस्कृतिक विविधता से जुड़ने और अपनी कला को निखारने का अवसर भी प्राप्त होता है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। समृद्धि मेहर की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

    One thought on “क्लासिकल कथक सोलो में समृद्धि मेहर का शानदार प्रदर्शन, प्रथम स्थान हासिल”
    1. Heard about F8betceo. The name’s a bit much, TBH, but the platform is functional. Got some sportsbook options, and some casino games too. Pretty standard stuff, but hey, it works. Try it out if you are curious: f8betceo

    Comments are closed.