• Thu. Oct 29th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    कलेक्टर व एसएसपी के साथ सुरक्षाबलों ने किया शहर में फ्लैग मार्च

    Bychattisgarhmint.com

    Nov 14, 2023
    Spread the love

    जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सशस्त्र बलों के साथ निकाला फ्लैग मार्च, लोगों से निडर होकर मतदान करने की अपील
    रायगढ़, 14 नवम्बर2023/ विधानसभा आम निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण के मतदान से पहले 14 नवम्बर को शाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कार्तिकेया गोयल एवं एसएसपी श्री सदानंद कुमार ने रायगढ़ मुख्यालय में उपलब्ध अर्धसैनिक बलों तथा स्थानीय पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्दर यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजय महादेवा, अपर कलेक्टर श्री राजीव पाण्डेय, सहायक कलेक्टर श्री युवराज मरमट उपस्थित रहे।
          17 नवम्बर को जिले में मतदान होगा। मतदान के पूर्व जन सामान्य को सुरक्षा का बोध कराने का संदेश देने आज जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकाला गया। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि मतदान के 72 घंटे पूर्व फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, ताकि शहर वासियों में शांतिपूर्ण मतदान हेतु सुरक्षित वातावरण निर्मित किया जा सके। कलेक्टर श्री गोयल ने सभी जनसामान्य को 17 नवम्बर को होने वाले मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने की अपील की। इसके साथ ही निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं शिकायत हेतु जिला प्रशासन द्वारा हेल्प लाईन नंबर 1950 जारी किया गया है। जिसमें निर्वाचन क्षेत्र में अनियमितता पाये जाने पर उक्त नंबर पर शिकायत दर्ज कराने पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी।
            वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार ने कहा कि मतदान से पूर्व फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स की मूवमेंट बनी रहे। इसके साथ ही फोर्स को क्षेत्र की समझ हो और आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके। जिससे निर्वाचन दिवस पर अप्रिय घटना होने पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। आज जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च के अलावा सभी अनुभाग में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है।
    उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संवेदनशील मतदान केन्द्रों को पूर्व ही चिन्हित कर लिया गया है। साथ ही जिले की सीमाओं पर सघन नाकेबंदी अभियान एवं बाहरी व्यक्तियों के आवाजाही पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। अवैध शराब, अवैध राशि, मादक पदार्थों के खिलाफ  पुलिस विशेष अभियान चला रही है किसी भी स्थिति में मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी फैलाने वालों को कठोर कार्यवाही की जाएगी। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन व पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में फ्लैग मार्च कार्यक्रम अनुसार आज संध्या कलेक्टर एवं एसएसपी ने सिटी कोतवाली से हण्डी चौक, घड़ी चौक, सत्तीगुड़ी चौक के अलावा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में पैदल घूमते हुए पूरे शहर में फ्लैग मार्च निकाला। जिले में शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने हेतु अर्धसैनिक बलों की विभिन्न कंपनियां आयी हुयी है। जिसमें जिले के स्थानीय पुलिस बल मिलकर अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर रहे है। जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने मतदाताओं से निष्पक्ष, निर्भीक, निडर एवं भय मुक्त होकर मतदान करने की अपील की।

    31 thoughts on “कलेक्टर व एसएसपी के साथ सुरक्षाबलों ने किया शहर में फ्लैग मार्च”

    Comments are closed.