• Wed. Oct 28th, 2026

    chattisgarhmint.com

    सच की बात है

    थाना घरघोड़ा में विद्यार्थियों ने सीखा कानून, सुरक्षा और पुलिसिंग का पाठ

    Bychattisgarhmint.com

    Jul 8, 2026
    Spread the love

    पुलिस की कार्यप्रणाली और नए कानून से हुए रूबरू

    जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों ने किया थाना भ्रमण, पुलिसिंग की बारीकियों को जाना

    थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने थाना भ्रमण के साथ साइबर अपराध, गुड टच–बैड टच और नए आपराधिक कानूनों पर किया जागरूक

    एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —”जागरूक और कानून की समझ रखने वाले बच्चे ही सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज की नींव हैं“

    8 जुलाई, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जन-जागरूकता एवं सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज 08 जुलाई 2026 को बैहामुड़ा, घरघोड़ा स्थित जन मित्रम एस.पी. सिंह मेमोरियल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने थाना घरघोड़ा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को पुलिस थाना, आधुनिक पुलिसिंग, नए आपराधिक कानूनों और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें थाने में आने वाली शिकायतों की प्राप्ति से लेकर एफआईआर दर्ज होने, विवेचना, साक्ष्य संकलन, आरोपी की गिरफ्तारी, न्यायालयीन प्रक्रिया तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने तक की पूरी कार्यवाही को सरल भाषा में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिस व्यवस्था अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित हो गई है, जिससे नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बच्चों को बताया कि अब देश के किसी भी हिस्से से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा, डिजिटल माध्यमों का उपयोग, ऑनलाइन प्रक्रिया और तकनीक आधारित विवेचना जैसी व्यवस्थाओं ने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाया है। विद्यार्थियों को सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) की कार्यप्रणाली, थाना प्रभारी की भूमिका थाना मुंशी के दायित्व तथा पुलिस थाना के अलग-अलग कार्यों बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पुलिस कार्यप्रणाली, अपराधों की जांच, गिरफ्तारी, साइबर अपराध और कानून से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। थाना प्रभारी ने सभी प्रश्नों का सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर देकर बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के बारे में भी जानकारी दी। बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी भी घटना की सत्य एवं सही जानकारी पुलिस को देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा झूठी शिकायत या गलत जानकारी देना भी दंडनीय अपराध हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि यदि कभी कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करे तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक, अभिभावक अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा उनकी मित्र और संरक्षक है। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी बच्चों को ऑनलाइन गेम, फर्जी लिंक, लालच या भावनात्मक बातों के माध्यम से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। कई बार बच्चे अनजाने में अपने माता-पिता के बैंक खाते, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा कर देते हैं, जिससे आर्थिक ठगी हो सकती है। बच्चों को ऐसे किसी भी संदेश, कॉल या ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की सलाह दी गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर, आपातकालीन सेवाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन तथा थाना क्षेत्र की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने पूरे भ्रमण के दौरान उत्साहपूर्वक पुलिस कार्यों को देखा, समझा और इसे अपने लिए एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू सहित थाना घरघोड़ा का समस्त पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।