Site icon chattisgarhmint.com

बिलाईगढ़ के कस्तूरबा छात्रावास का कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे द्वारा औचक निरीक्षण

भोजन की गुणवत्ता, साफ- सफाई सुधारने के दिए कड़े निर्देश

कलेक्टर ने कमरों का निरीक्षण कर छात्राओं से पढ़ाई और छात्रावास व्यवस्था की ली जानकारी

वाशरूम की स्थिति ठीक नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और  तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 3 अप्रैल 2026/कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बिलाईगढ़ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आदिवासी छात्रावास का गुरुवार को औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं की पढ़ाई, भोजन व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति को बारीकी से देखा तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि छात्रावास में वर्तमान में 82 छात्राएं निवासरत हैं और यहां कक्षा 6वीं से 8वीं तक का संचालन किया जा रहा है।

कलेक्टर ने सबसे पहले भोजन कक्ष का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्राओं से सीधे बातचीत कर भोजन के बारे में जानकारी ली और पूछा कि उन्हें समय पर और अच्छा भोजन मिल रहा है या नहीं। इसके बाद कलेक्टर ने छात्रावास के कमरों का निरीक्षण किया, जहां 9वीं से 12वीं तक की छात्राएं अध्ययन कर रही थीं। उन्होंने कमरों में रहने की व्यवस्था, छात्रों की संख्या और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। 

कक्षा 11वीं की छात्रा मीनाक्षी से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने पढ़ाई की स्थिति के बारे में पूछा और यह भी जाना कि एक कमरे में कितनी छात्राएं रहती हैं। निरीक्षण के दौरान छात्रावास के वाशरूम की स्थिति ठीक नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, भोजन की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित निगरानी रखने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version