• Fri. Apr 24th, 2026

chattisgarhmint.com

सच की बात है

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय

Bychattisgarhmint.com

Apr 23, 2026


पूरी तरह सुरक्षित है वैक्सीन, जागरूकता से ही होगा बचाव

रायगढ़, 23 अप्रैल 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने किशोरियों के सुरक्षित एवं समय पर टीकाकरण को प्राथमिकता दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जगत ने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने कहा कि यह टीका शरीर में मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली विकसित करता है, जिससे भविष्य में इस गंभीर बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें और निर्धारित आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाएं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वैक्सीन को लेकर समाज में फैल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक या गलत जानकारी पर ध्यान न दिया जाए, क्योंकि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं पाए गए हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल ने बताया कि यह टीका शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन स्थानों पर कोल्ड चेन प्वाइंट की सुविधा है, वहां 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाकर इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि रोकथाम ही सबसे बड़ा उपचार है, और टीकाकरण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षित भविष्य और मजबूत जीवन के लिए इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *